शिमला। राजवीर दीक्षित।
(BJP MLA arrives at Vigilance Headquarters in disproportionate assets case) हिमाचल के पूर्व मंत्री और धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा शुक्रवार को आय से अधिक संपत्ति के मामले में पूछताछ के लिए शिमला स्थित विजिलेंस मुख्यालय पहुंचे। विजिलेंस की ओर से उन्हें पहले ही नोटिस जारी किया गया था। उनके साथ भाजपा के कुछ अन्य विधायक भी विजिलेंस कार्यालय पहुंचे।
धर्मशाला के बाद शिमला में हुई पूछताछ
सुधीर शर्मा से इससे पहले करीब तीन दिन पहले धर्मशाला स्थित विजिलेंस कार्यालय में भी पूछताछ की गई थी। वहां उनसे लगभग ढाई घंटे तक सवाल-जवाब हुए थे। शुक्रवार को विधानसभा सत्र से निकलने के बाद उन्हें शिमला के खलीणी स्थित राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के मुख्यालय बुलाया गया।
विजिलेंस की पूछताछ उनके खिलाफ दर्ज आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम से जुड़े मामले की जांच के तहत की जा रही है।
वित्तीय रिकॉर्ड और दस्तावेजों को लेकर सवाल
विजिलेंस ने प्राथमिक जांच के दौरान कुछ ऐसे वित्तीय और दस्तावेजी रिकॉर्ड मांगे हैं, जिन्हें उपलब्ध या सत्यापित नहीं किया जा सका था। इनमें शेयरों और प्रतिभूतियों की खरीद-बिक्री, डीमेट अकाउंट, ब्रोकर से संबंधित जानकारी और बैंकिंग ट्रेल शामिल हैं।
इसके अलावा अचल संपत्तियों की खरीद-फरोख्त, बैंक खातों, वाहनों की खरीद व उनके वित्तपोषण, अनसिक्योर्ड लोन, एडवांस और अन्य निवेशों से जुड़े रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में हैं।
भारत-विदेश में संपत्तियों का भी मांगा गया ब्योरा
जांच एजेंसी ने विधायक और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर भारत के साथ-साथ विदेशों में मौजूद चल-अचल संपत्तियों तथा उनसे होने वाले लाभ की जानकारी भी मांगी है। विजिलेंस के मुताबिक, पूर्व सूचना दिए जाने के बावजूद कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए थे और अतिरिक्त समय की मांग की गई थी।
पूछताछ के दौरान BJP विधायक भी रहे मौजूद
सुधीर शर्मा के विजिलेंस मुख्यालय पहुंचने के दौरान भाजपा के कुछ अन्य विधायक भी उनके साथ मौजूद रहे। फिलहाल विजिलेंस अधिकारियों की ओर से उनसे पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आने वाले दस्तावेजों और जवाबों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।



















