हमीरपुर। राजवीर दीक्षित
(Hamirpur to receive a development bonanza worth crores! CM Sukhu to launch several schemes) मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का 17 और 18 सितंबर को हमीरपुर जिले का दो दिवसीय दौरा प्रस्तावित है। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री नादौन विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास योजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास करेंगे।
17 सितंबर को रैल में उनका कार्यक्रम काफी व्यस्त रहेगा। सुबह 11 बजे आईटीआई परिसर में नए भवन की आधारशिला रखने के साथ पौधारोपण किया जाएगा। इसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रैल के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन होगा। मुख्यमंत्री जन स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ भी करेंगे।
शिक्षा क्षेत्र को मजबूती देने के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैल के भवन का शिलान्यास भी किया जाएगा। इससे क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पैतृक गांव सेरा पहुंचेंगे मुख्यमंत्री, 18 सितंबर को ब्यास पर पुल की नींव
मुख्यमंत्री 16 सितंबर की शाम ऊना से अपने पैतृक गांव सेरा पहुंचेंगे। यहां विश्राम गृह में उनका रात्रि ठहराव होगा और 17 सितंबर की रात भी मुख्यमंत्री सेरा में ही रहेंगे। 18 सितंबर को सुबह करीब 11:30 बजे वह सधोड़ा पत्तन के समीप ब्यास नदी पर प्रस्तावित पुल का शिलान्यास करेंगे। इस महत्वपूर्ण परियोजना के शुरू होने से स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने की उम्मीद है। इसके बाद मुख्यमंत्री आईटीआई रैल से हेलीकॉप्टर के जरिए शिमला के लिए रवाना होंगे।
डीसी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, जन स्वास्थ्य शिविर की तैयारियां तेज
उपायुक्त हमीरपुर गंधर्वा राठौड़ ने अधिकारियों को दौरे के दौरान मौके पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, मेडिकल कॉलेज और आयुष विभाग को रैल में आयोजित होने वाले जन स्वास्थ्य शिविर के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने को कहा। शिविर में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ दवाइयों, जांच और चिकित्सकीय सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
रैल क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने का बड़ा मौका है। रैल और आसपास की पंचायतों के निवासियों से शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई है। यहां विशेषज्ञ और सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर मरीजों की जांच करेंगे। साथ ही कई तरह की स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। समय पर जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह से लोग अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान और उचित मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे।



















