शिमला । राजवीर दीक्षित
(Himachal’s administration to now operate from the new office! Sukhu to inaugurate ‘Ellerslie Phase-2’) मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सोमवार, 21 सितंबर से सचिवालय के नए कार्यालय भवन से सरकार चलाएंगे। सुबह पूजा-अर्चना के बाद नए मुख्यमंत्री कार्यालय का उद्घाटन किया जाएगा। उद्घाटन के साथ ही नए भवन से नियमित प्रशासनिक गतिविधियां शुरू हो जाएंगी।
शनिवार को मुख्यमंत्री सुक्खू ने नए भवन का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीएम ऑफिस का हिस्सा तैयार है, जबकि कुछ कमरों में फिनिशिंग का काम अंतिम दौर में है। ‘अलर्जली फेस-2’ नाम दिए गए इस भवन को मुख्यमंत्री कार्यालय के नए केंद्र के रूप में तैयार किया गया है।
नए भवन के शुरू होने से सचिवालय में जगह की किल्लत दूर होगी और पार्किंग की समस्या से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। पिछले करीब 6 महीनों से निर्माण कार्य के चलते मुख्यमंत्री सचिवालय में नियमित रूप से नहीं बैठ पा रहे थे। ऐसे में मुख्यमंत्री का कामकाज कभी ओक ओवर तो कभी सचिवालय के छोटे कमरे से चल रहा था। अब नए भवन के तैयार होने के बाद सचिवालय में मुख्यमंत्री की नियमित मौजूदगी फिर से देखने को मिलेगी और प्रशासनिक कामकाज को भी बेहतर जगह मिल सकेगी।
CM ऑफिस से GAD तक… नए भवन में किसे कहां मिलेगी जगह?
नए 6 मंजिला प्रशासनिक भवन में अलग-अलग विभागों और अधिकारियों के लिए बैठने की व्यवस्था तय की गई है। भवन की सबसे निचली तीन मंजिलों पर मंत्रियों के वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी।
वहीं, एक पूरी मंजिल मुख्य सचिव और उनके स्टाफ के लिए आरक्षित रखी गई है। इसके अलावा दूसरी मंजिल पर सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) के साथ मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव का कार्यालय बनाया जाएगा। इसी मंजिल पर गृह विभाग के प्रशासनिक सचिव, मुख्यमंत्री के निजी प्रधान सचिव और अन्य संबंधित स्टाफ के बैठने की व्यवस्था भी होगी।



















