हमीरपुर । राजवीर दीक्षित
(Himachal Police nab UP youth for anti-national posts on social media) हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है। केंद्रीय जांच एजेंसी से मिले इनपुट के बाद सदर थाना पुलिस ने शहर में रह रहे एक युवक को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई इंटरनेट मीडिया पर कथित तौर पर देश विरोधी गतिविधियों से जुड़ी सामग्री साझा करने और संदिग्ध नेटवर्क से संपर्क होने की आशंका के चलते की गई है। पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर को केंद्रीय जांच एजेंसी की ओर से पुलिस प्रशासन को एक शिकायत पत्र भेजा गया था। इसमें संबंधित युवक की गतिविधियों की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए गए थे। एजेंसी ने आशंका जताई थी कि इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय यह व्यक्ति किसी संदिग्ध नेटवर्क या देश विरोधी गतिविधियों से जुड़े लोगों के संपर्क में हो सकता है। इनपुट मिलने के बाद पुलिस ने मामले की प्राथमिक जांच शुरू की। जांच के आधार पर 21 सितंबर को सदर थाना हमीरपुर में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद सोमवार देर रात पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और युवक के कथित सोशल मीडिया संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है।
6 महीने से हमीरपुर में था युवक, अब खुलेंगे कई राज?
जानकारी के अनुसार पुलिस की हिरासत में लिया गया युवक पिछले करीब 6 महीने से हमीरपुर शहर में रहकर दर्जी का काम कर रहा था। युवक मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है।
अब पुलिस उसकी पिछली गतिविधियों को खंगालने में जुट गई है। सोशल मीडिया पर किससे संपर्क था? ऑनलाइन किन गतिविधियों में शामिल था? हमीरपुर में उसका नेटवर्क कितना बड़ा था? इन तमाम सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।
पुलिस उसके सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल संपर्क और यहां रहने के दौरान बनाए गए रिश्तों की भी पड़ताल कर रही है। जांच आगे बढ़ने के साथ युवक से जुड़े और भी कनेक्शन सामने आने की संभावना है।
सोशल मीडिया कनेक्शन खंगालेगी केंद्रीय एजेंसी?
हमीरपुर में हिरासत में लिए गए युवक के मामले में अब केंद्रीय जांच एजेंसी की संभावित एंट्री चर्चा में है। बताया जा रहा है कि टीम मंगलवार को हमीरपुर पहुंच सकती है। युवक से पूछताछ के अलावा उसके सोशल मीडिया संपर्कों और डिजिटल गतिविधियों की जानकारी भी जुटाई जा सकती है। जांच का फोकस यह पता लगाने पर हो सकता है कि युवक की ऑनलाइन गतिविधियों का नेटवर्क कितना बड़ा था।
संदिग्ध युवक हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस ने लोगों को अलर्ट किया है। दूसरे राज्य से आने वाले व्यक्ति को मकान या दुकान किराये पर देने से पहले पूरी पहचान और पुलिस वेरिफिकेशन जरूर करवाएं।



















