मंडी । राजवीर दीक्षित
(Shaurya Sharma from Mandi makes history! Lands a ₹50 lakh package at Google India) मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल के तताहर गांव के युवा तकनीकी विशेषज्ञ शौर्यन शर्मा ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। शौर्यन ने दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Google India में Technical Solutions Consultant के पद पर नई जिम्मेदारी संभाली है। हैदराबाद स्थित गूगल कार्यालय से वह अपने काम की शुरुआत कर चुके हैं। बताया जा रहा है कि उनका सालाना पैकेज करीब 50 लाख रुपये है। उनकी इस कामयाबी से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।छोटे से गांव से ग्लोबल टेक कंपनी तक का सफर, शौर्यन की कहानी युवाओं के लिए बनी मिसाल।
बैंक ऑफ अमेरिका में बजा शौर्यन का डंका! अब गूगल इंडिया में दिखा रहे टेक्नोलॉजी का दम
गूगल इंडिया तक पहुंचने से पहले शौर्यन ने बैंक ऑफ अमेरिका में करीब तीन साल तक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम किया। फिनटेक की दुनिया में उन्होंने सुरक्षित सॉफ्टवेयर सिस्टम, रियल-टाइम API सेवाओं और डेटा प्राइवेसी जैसे अहम क्षेत्रों में काम किया। सिर्फ नौकरी तक सीमित नहीं रही उनकी पहचान—ब्लॉकचेन और डिस्ट्रीब्यूटेड डेटा लेजर तकनीक से जुड़ा अमेरिकी पेटेंट भी उनके नाम दर्ज है।
टेक्नोलॉजी में मजबूत पकड़, VIT से B.Tech
उन्होंने तमिलनाडु के प्रतिष्ठित VIT वेल्लोर से कंप्यूटर साइंस में B.Tech की पढ़ाई की। उनकी स्कूली शिक्षा मॉडर्न दिल्ली पब्लिक स्कूल, फरीदाबाद से हुई। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भी मजबूत पकड़ बनाई। Java, Python, AWS और Google UX Design जैसी आधुनिक तकनीकों में उनकी विशेषज्ञता बताई जाती है। उनका तकनीकी ज्ञान और डिजिटल स्किल्स उन्हें टेक्नोलॉजी की दुनिया में एक अलग पहचान देते हैं।
सफलता के पीछे परिवार का मजबूत सपोर्ट सिस्टम
शौर्यन के परिवार की पृष्ठभूमि भी काफी प्रेरणादायक है। उनके पिता विनोद कुमार शर्मा एनएचपीसी में विद्युत महाप्रबंधक हैं और मां कल्पना शर्मा उच्च शिक्षित गृहिणी हैं। परिवार ने शौर्यन को पढ़ाई, अनुशासन और अपने लक्ष्य पर फोकस करने के लिए लगातार प्रेरित किया। उनकी उपलब्धि में परिवार के सहयोग और संस्कारों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
शांत स्वभाव, फुटबॉल और संगीत के दीवाने हैं शौर्यन
शौर्यन के मामा राकेश शर्मा ने बताया कि शौर्यन बेहद शांत और सरल स्वभाव के हैं। पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें फुटबॉल खेलना और संगीत सुनना काफी पसंद है। इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करने के बावजूद उनके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया है। शौर्यन की कामयाबी से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्वजन और क्षेत्रवासियों ने उन्हें इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।



















