बंगाणा। राजवीर दीक्षित
(Jewelry and cash stolen from home cupboard; case registered) थाना बंगाणा में सासन गांव में घर की अलमारी से सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी होने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर करण सिंह निवासी दशमेश नगर, लुधियाना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस को दी शिकायत में सासन निवासी जोगिन्द्र सिंह ने बताया कि 19 सितंबर को उनकी बहन कमला देवी लुधियाना से उनके घर आई थीं। उनके साथ उनकी भानजी खुशबू और भानजी के पति करण सिंह भी टैक्सी से सासन पहुंचे थे। रात को खाना खाने के बाद उन्हें घर की ऊपरी मंजिल के कमरे में ठहराया गया। अगले दिन 20 सितंबर को वे वहां से चले गए।
शिकायतकर्ता के अनुसार 22 सितंबर को उनकी बहू अंकिता कमरे में सामान लेने गई तो अलमारी का ताला खुला हुआ मिला। जांच करने पर पर्स में रखे मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल, चांदी की अंगूठी तथा करीब एक हजार रुपये की नकदी गायब मिली।
शिकायत में टैक्सी चालक से बातचीत का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता ने करण सिंह पर चोरी का संदेह जताते हुए उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



















