लुधियाना। राजवीर दीक्षित
(Major action by AGTF: 2 gangsters arrested; Glock and 20 cartridges recovered) पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पंजाब पुलिस के डीजीपी ने कार्रवाई की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा की।
मोहाली-चंडीगढ़ में फायरिंग की थी साजिश
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, दोनों आरोपी विदेश में बैठे कथित हैंडलर्स के संपर्क में थे। आरोप है कि उन्हें चंडीगढ़ और मोहाली में रंगदारी वसूलने के लिए फायरिंग की वारदात को अंजाम देने का टारगेट दिया गया था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इससे पहले कि आरोपी अपने कथित मंसूबे को अंजाम दे पाते, उन्हें पकड़ लिया। अब जांच एजेंसियां इनके अन्य साथियों और विदेशी नेटवर्क से जुड़े संपर्कों की जानकारी जुटा रही हैं।
थाना डिवीजन नंबर-8 में केस दर्ज
मामले में लुधियाना के थाना डिवीजन नंबर-8 में FIR दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हथियारों के स्रोत, संभावित टारगेट और गैंगस्टर सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी हासिल कर रही है।
पंजाब पुलिस के मुताबिक, राज्य में संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

















