चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(Census bugle sounded in Punjab! Online registration begins from November 16) पंजाब में जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश में 1 दिसंबर 2026 से जनसंख्या की गणना शुरू होगी, जबकि 16 नवंबर से लोग घर बैठे ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। जनगणना को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए बुधवार को चंडीगढ़ से 9 डिजिटल एलईडी वैन रवाना की गईं।
जनगणना संचालन निदेशालय, पंजाब की निदेशक डॉ. नवजोत खोसा ने इन वैन को हरी झंडी दिखाई। ये वैन प्रदेश के शहरों, कस्बों, गांवों और बाजारों में जाकर लोगों को जनगणना की प्रक्रिया समझाएंगी।
16 नवंबर से ऑनलाइन भर सकेंगे 40 सवालों के जवाब
जनगणना विभाग के अनुसार, 16 से 30 नवंबर तक नागरिकों को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा मिलेगी। इसके तहत लोग https://se.census.gov.in पर जाकर जनगणना से जुड़े 40 सवालों के जवाब खुद भर सकेंगे। ऑनलाइन फॉर्म भरने की सुविधा 30 नवंबर तक उपलब्ध रहेगी।
इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रदेशभर में जनसंख्या गणना का अभियान चलेगा।
5 जनवरी की मध्यरात्रि होगी संदर्भ तिथि
जनगणना के लिए 5 जनवरी 2027 की मध्यरात्रि को संदर्भ तिथि निर्धारित किया गया है। इसी समय की जनसंख्या स्थिति को आधार बनाकर आंकड़े तैयार किए जाएंगे।
गणना पूरी होने के बाद छूटे हुए लोगों को शामिल करने के लिए 3 से 5 दिनों का पुनरीक्षण अभियान भी चलाया जाएगा।
पंजाब के जिलों में घूमेंगी 9 डिजिटल वैन
जनगणना के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए रवाना की गईं 9 डिजिटल एलईडी वैन प्रमुख शहरों, ग्रामीण इलाकों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचेंगी।
इन वैन पर जनगणना से संबंधित संदेश दिखाए जाएंगे। साथ ही क्यूआर कोड भी लगाए गए हैं, जिन्हें स्कैन करके लोग सीधे राष्ट्रीय जनगणना पोर्टल तक पहुंच सकेंगे।
सभी जिलों में वैन के रूट प्लान तैयार कर लिए गए हैं। प्रत्येक जिले से एक अधिकारी वैन के साथ रहेगा, जबकि डिप्टी कमिश्नर और जिला जनगणना अधिकारी अभियान की निगरानी करेंगे।
फॉर्म भरने में परेशानी? 1855 पर मिलेगी मदद
ऑनलाइन जनगणना फॉर्म भरने में किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर नागरिक टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क कर सकेंगे।
जनगणना विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठाएं और घर पहुंचने वाले गणनाकर्मियों को सही जानकारी देकर सहयोग करें।
दो चरणों में पूरी होगी जनगणना
जनगणना 2027 का पहला चरण मकानों की सूची तैयार करने और आवास संबंधी जानकारी जुटाने से जुड़ा था, जो पूरा हो चुका है। अब दूसरे चरण में प्रदेश की जनसंख्या से संबंधित विस्तृत आंकड़े एकत्र किए जाएंगे।













