श्रीनगर। राजवीर दीक्षित
(Terrorist attack on CRPF in Kulgam! 3 soldiers injured, attackers absconding) जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने CRPF जवानों को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, वारदात करीब 2:15 बजे अखरान स्थित CRPF कैंप के पास हुई। यहां नाका ड्यूटी पर तैनात जवानों पर बाइक सवार हमलावरों ने अचानक गोलियां चला दीं। हमले में घायल तीनों जवानों को अनंतनाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।
पहले भी आतंकी गतिविधियों को लेकर संवेदनशील रहा है कुलगाम
दक्षिण कश्मीर का कुलगाम जिला लंबे समय से आतंकी गतिविधियों को लेकर संवेदनशील रहा है। यह श्रीनगर से करीब 70 से 75 किलोमीटर दूर स्थित है। कुलगाम के साथ अनंतनाग और शोपियां के आसपास के इलाकों में भी पहले कई आतंकी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
चार दिन पहले आतंकी मददगार गिरफ्तार
इस घटना से चार दिन पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस ने श्रीनगर में आतंकियों की मदद करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, ये लोग एक आतंकी मॉड्यूल से जुड़े थे और महिलाओं को निशाना बनाने के साथ अलगाववादी विचारधारा के प्रचार में भी शामिल थे।
कुलगाम में CRPF जवानों पर हुई ताजा फायरिंग के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। हमलावरों की पहचान और हमले के पीछे की मंशा का पता लगाने के लिए जांच जारी है।













