द टारगेट न्यूज़:
चंडीगढ़ पुलिस ने प्रसिद्ध वास्तुकार ली कार्बुजियर द्वारा डिजाइन किए गए हेरिटेज सीवर कवर चोरी करने के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से ऐसे चार कवर बरामद किए हैं। ये चोरियां सेक्टर 45 और 46 से रिपोर्ट की गईं, जिनकी घटनाएं क्षेत्र में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई थीं। बुड़ैल पुलिस चौकी के प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गहन जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों में से एक की पहचान 14 वर्षीय राजा राम (निवासी सेक्टर 65 ए, मोहाली) और दूसरे की पहचान मुकेश (निवासी अटावा, सेक्टर 42, चंडीगढ़) के रूप में हुई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 303 (2) और 3 (5) के तहत मामला दर्ज किया है। सेक्टर 34 पुलिस स्टेशन में बीएनएस की धारा 317 (2) भी जोड़ी गई है। इंस्पेक्टर ने बताया कि सभी चारों लोहे के सीवर कवर बरामद कर पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली हैं। ली कार्बुजियर द्वारा डिजाइन किए गए इन हेरिटेज कवर पर चंडीगढ़ के उनके मास्टर प्लान की छाप है। विदेशों में होने वाली नीलामियों में इन हेरिटेज वस्तुओं की रिकॉर्ड कीमतें मिल रही हैं। विदेशों में इस तरह के कवर 15 लाख रुपये से लेकर 40 लाख रुपये तक की कीमत पर बिक चुके हैं। अतीत में भी ऐसे कवर चंडीगढ़ से तस्करी करके बाहर ले जाए गए और बाद में अंतरराष्ट्रीय नीलामियों में बेचे गए। इंस्पेक्टर नवीन ने बताया कि आरोपी इन कवरों को टुकड़ों में तोड़ने और उन्हें कबाड़ियों को बेचने की योजना बना रहे थे, लेकिन पुलिस ने उनके इस प्लान को अंजाम देने से पहले ही उन्हें धर दबोचा। इस बीच, नगर निगम के उप-मंडलीय इंजीनियर ने पिछले सप्ताह हुई चोरियों को लेकर पुलिस में छह शिकायतें दर्ज कराई हैं। प्रशासक सलाहकार परिषद और चंडीगढ़ हेरिटेज आइटम प्रोटेक्शन सेल के सदस्य अजय जग्गा ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि शहर में अभी भी ऐसे 3,000 से अधिक कवर मौजूद हैं और इन्हें आगे की चोरी से बचाने के लिए निरंतर निगरानी की आवश्यकता है।













