Home Chandigarh अभिनेत्री ने इंजीनियर को “मीठे जाल” में फंसाया! प्यार के झांसे में...

अभिनेत्री ने इंजीनियर को “मीठे जाल” में फंसाया! प्यार के झांसे में लेकर 9 करोड़ रुपये ठग लिए

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“An actress trapped an engineer in a “sweet trap”! She swindled ₹9 crore by luring him with love “) लव, शादी और धोखे की एक चौंकाने वाली कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। लंदन में रहने वाले एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ कथित तौर पर करोड़ों की ठगी का मामला दर्ज हुआ है, जिसमें टॉलीवुड अभिनेत्री आशू रेड्डी और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगे हैं। शिकायत के अनुसार, शादी का झूठा वादा कर इंजीनियर से करीब 9.35 करोड़ रुपये ऐंठ लिए गए।

मामले की शुरुआत साल 2018 में हुई, जब इंजीनियर भारत यात्रा के दौरान अभिनेत्री से मिला। कुछ ही समय में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और अभिनेत्री ने शादी का प्रस्ताव रख दिया। भरोसे में लेकर उसने अपनी निजी परेशानियों का हवाला दिया—जैसे H1B वीजा की दिक्कतें और एजुकेशन लोन—और आर्थिक मदद मांगनी शुरू कर दी। प्यार और भरोसे में पड़े इंजीनियर ने बिना संदेह बड़ी रकम देना शुरू कर दिया।

शिकायत में बताया गया है कि 2020 में जब परिवारों के बीच शादी की बात करने की कोशिश हुई, तो अभिनेत्री ने शादी से साफ इनकार कर दिया। जब पैसे और गहने वापस मांगे गए, तो दूरी बना ली गई। हालांकि बाद में एक मीटिंग में कुछ रकम लौटाने की बात हुई, लेकिन वह भी पूरी नहीं हुई।

हैरानी की बात यह है कि इसके बाद भी अभिनेत्री और उसके परिवार ने इंजीनियर से संपर्क बनाए रखा और भावनात्मक दबाव डालकर रिश्ता फिर से शुरू करवाया। 2020 से 2025 तक शादी का झांसा देकर लगातार पैसे लिए जाते रहे—यहां तक कि प्रॉपर्टी, गाड़ियां और सोना भी अपने नाम करवा लिया गया।

आखिरकार जुलाई 2025 में फिर शादी से इनकार कर दिया गया और उल्टा झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई। इस पूरे घटनाक्रम ने न सिर्फ भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया, बल्कि मानसिक तौर पर भी गहरा असर छोड़ा। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है और सच्चाई सामने आने का इंतजार है।

Translate »
error: Content is protected !!