पंचकूला। राजवीर दीक्षित
(Crackdown on illegal mining! 24-hour police checkpoints in 24 villages) पंचकूला में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक में उपायुक्त सतपाल शर्मा ने 24 संवेदनशील गांवों में 24 घंटे पुलिस नाकाबंदी और लगातार औचक निरीक्षण के निर्देश दिए हैं।
DC ने खनन और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और खनन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों को मौके पर ही जब्त किया जाए।
बंद क्रशरों और माइनिंग साइट्स पर लगेंगे बोर्ड
प्रशासन ने बंद हो चुकी माइनिंग साइट्स और सील किए गए क्रशरों पर स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं। इसका मकसद इन स्थानों पर दोबारा किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को रोकना है।
अधिकारियों को नियमित रूप से इन इलाकों की निगरानी करने और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
कालका के 12 गांव रडार पर
कालका उपमंडल के बुर्जकोटिया, जबरोट, दीवानवाला, बसौला, पपलोहा, नानकपुर, चरणीया, महताब माजरा, कीर्तपुर, कर्मपुर, नवानगर और रामपुर जंगी में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
पंचकूला उपमंडल के 12 गांवों में भी सख्ती
पंचकूला उपमंडल के रत्तेवाली, खेतपराली, रामपुर, काजमपुर, हरिपुर, खेड़ी बड़ौना, हंगोली, बतौड़, मौली, टोडा, नटवाल और रिहोड़ को भी संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल किया गया है।
अवैध खनन पर प्रशासन का एक्शन प्लान
प्रशासन का फोकस केवल नाकाबंदी तक सीमित नहीं रहेगा। पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीमें सरप्राइज चेकिंग, वाहनों की जांच और बंद खनन स्थलों की निगरानी करेंगी। अवैध खनन में इस्तेमाल पाए जाने वाले वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



















