Home Chandigarh कनाडा का सपना दिखाकर परिवार से ₹26.45 लाख की ठगी

कनाडा का सपना दिखाकर परिवार से ₹26.45 लाख की ठगी

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Canada Dream Scam”) कपूरथला में विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। कनाडा में परिवार सहित बसने का सपना दिखाकर एक परिवार से ₹26.45 लाख की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान सरबजीत कुमार उर्फ सरबजीत राज, राशिद मसीह, दीप भाटिया और रविका के रूप में हुई है।

शिकायतकर्ता राज कल्याण ने एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार के साथ कनाडा जाना चाहता था। इसी दौरान एक रिश्तेदार के माध्यम से उसकी मुलाकात सरबजीत और राशिद से हुई। दोनों ने कथित तौर पर ₹50 लाख में पूरे परिवार को कनाडा भेजने का भरोसा दिलाया। जनवरी 2023 में आरोपियों ने पासपोर्ट की प्रतियां, ईमेल आईडी और शुरुआती खर्च के नाम पर ₹3.20 लाख मांगे।

इसके बाद वीजा प्रक्रिया, मेडिकल, एंबेसी फीस और अन्य औपचारिकताओं के बहाने अलग-अलग समय पर लगातार पैसे लिए जाते रहे।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने उसे भारी वाहन का ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने और मेडिकल टेस्ट करवाने तक के लिए कहा। बाद में यह कहकर कि वर्क परमिट रिजेक्ट हो गया है, एक और अवसर के लिए ₹7 लाख अतिरिक्त मांगे गए। भरोसा दिलाने पर उसने रिश्तेदारों से पैसे उधार लेकर नकद राशि और पासपोर्ट भी सौंप दिए।

जब लंबे समय तक न तो वीजा मिला और न ही कोई प्रक्रिया पूरी हुई, तो राज कल्याण ने अपने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि इसके बजाय उसे धमकियां दी जाने लगीं। उसने यह भी बताया कि कनाडा जाने की उम्मीद में उसने अपना घर तक बेच दिया था।

एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी कपूरथला की जांच में सामने आया कि ₹16.20 लाख नकद दीप भाटिया को उसके टेलीकॉम शॉप पर दिए गए, जबकि ₹3.75 लाख रविका को दिए गए। इसके अलावा सरबजीत के इंग्लैंड निवासी बेटे सोलोमन के बैंक खाते में 700 और 6,589 पाउंड भी ट्रांसफर किए गए। जांच में कुल ₹26.45 लाख की ठगी की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Translate »
error: Content is protected !!