चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Punjab Women Scheme Update “) पंजाब की लाखों महिलाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घोषणा की है कि 1 जुलाई से ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सरकार योजना’ के तहत महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने आर्थिक सहायता भेजी जाएगी। सामान्य वर्ग की महिलाओं को ₹1000 प्रति माह, जबकि SC वर्ग की महिलाओं को ₹1500 प्रति माह देने की बात कही गई है। पहली किस्त में अप्रैल, मई और जून के तीन महीनों की राशि एक साथ ट्रांसफर की जाएगी। यानी सामान्य वर्ग की महिलाओं को ₹3000 और SC वर्ग की महिलाओं को ₹4500 मिलने की संभावना है।
हालांकि, इस योजना के नाम पर साइबर ठग भी सक्रिय हो गए हैं। कई महिलाओं के पास बैंक खाते के सत्यापन के लिए ₹1 ट्रांसफर का मैसेज नहीं पहुंचा, जिसका फायदा उठाकर ठग सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप के जरिए लोगों से संपर्क कर रहे हैं। वे दावा करते हैं कि वे बैंक अकाउंट वेरीफाई कर देंगे और इसके बदले आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक डिटेल्स या अन्य दस्तावेज मांग रहे हैं।
इसे देखते हुए लुधियाना पुलिस ने विशेष साइबर अलर्ट जारी किया है। पुलिस ने साफ कहा है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ आधार, पैन, बैंक पासबुक, OTP, PIN, CVV या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी एजेंट के कहने पर दस्तावेज भेजें। ऐसा करने पर आपके नाम पर फर्जी लोन लिया जा सकता है या बैंक खाता खाली हो सकता है।
अगर आपके मोबाइल पर ₹1 का मैसेज नहीं आया है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। सरकारी कर्मचारी बैकएंड से भी बैंक खाते का सत्यापन कर सकते हैं। योजना का लाभ पाने के लिए किसी अनजान व्यक्ति को दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं है। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और किसी भी साइबर ठगी की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



















