ऊना। राजवीर दीक्षित
(“An industrialist from Una has donated ₹1.01 crore to the Badrinath-Kedarnath shrines, which will be used for facilities for pilgrims”) हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से जुड़े प्रसिद्ध उद्योगपति और समाजसेवी डॉ. महिंद्र शर्मा ने आस्था के दो प्रमुख केंद्र बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम के लिए एक करोड़ एक लाख रुपये का बड़ा दान देकर श्रद्धालुओं के लिए मिसाल पेश की है। यह राशि बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को दी गई है, जिसका उपयोग तीर्थयात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाओं के विस्तार में किया जाएगा।
डॉ. शर्मा ने यह चेक केदारनाथ मंदिर परिसर में समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी को सौंपते हुए कहा कि हर साल सीमित यात्रा सीजन में देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए बेहतर ठहरने, भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाएं बेहद जरूरी हैं। उनका उद्देश्य सरकारी व्यवस्थाओं को मजबूत करना और श्रद्धालुओं को महंगी निजी सेवाओं पर निर्भर होने से राहत देना है।
डॉ. महिंद्र शर्मा पहले भी धार्मिक कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दे चुके हैं। वर्ष 2018 में उन्होंने लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से केदारनाथ मंदिर के गर्भगृह में चांदी का आवरण चढ़वाया था। वहीं 2023 में उन्होंने मंदिर परिसर में एक अत्याधुनिक ग्लास हाउस भी दान किया, जो कठिन मौसम में भी उपयोगी साबित हो रहा है।
इसके अलावा उन्होंने माता वैष्णो देवी में अटूट लंगर सेवा और दुर्गा भवन निर्माण के लिए भी बड़ी राशि दान की है। ऊना स्थित मां चिंतपूर्णी मंदिर में भी उन्होंने गर्भगृह को चांदी से सजाने में सहयोग दिया है।
डॉ. शर्मा का यह योगदान न सिर्फ धार्मिक आस्था को मजबूत करता है, बल्कि समाजसेवा के क्षेत्र में भी एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करता है।



















