Home Chandigarh पंजाब के पेंशनधारकों के लिए बड़ी खबर, अब खड़ी हो गई एक...

पंजाब के पेंशनधारकों के लिए बड़ी खबर, अब खड़ी हो गई एक और नई मुसीबत

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Big news for Punjab pensioners — now another major problem has surfaced”) पंजाब के लाखों पेंशनधारकों के लिए बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है। अप्रैल महीने की पेंशन अब तक खातों में न आने से बुजुर्ग पेंशनरों में भारी रोष और नाराजगी देखने को मिल रही है। पेंशनरों का आरोप है कि सरकार ने नए ‘पेंशनर सेवा पोर्टल’ और डिजिटल लाइव सर्टिफिकेट अपडेट न होने का बहाना बनाकर उनकी पेंशन रोक दी है, जिससे उन्हें मानसिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पेंशनर जॉइंट फ्रंट के नेताओं कर्म सिंह धनौआ, डॉ. एन.के. कलसी, अविनाश शर्मा, भजन सिंह गिल और अन्य सदस्यों ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बुजुर्ग पेंशनरों को तकनीकी प्रक्रियाओं में जानबूझकर उलझाया जा रहा है। उनका कहना है कि कई बुजुर्गों को ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी नहीं है, फिर भी उन्हें बार-बार दस्तावेज अपडेट करने और पोर्टल संबंधी जटिलताओं में फंसाया जा रहा है। इससे पेंशनरों को दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और वे मानसिक तनाव झेल रहे हैं।

फ्रंट के सदस्यों ने कहा कि सरकार को बुजुर्ग पेंशनरों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाना चाहिए, लेकिन इसके उलट उन्हें परेशान किया जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर पेंशनर जॉइंट फ्रंट ने 8 मई को चंडीगढ़ स्थित वित्त एवं योजना भवन में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन और मास डिपुटेशन देने का फैसला किया है। इस दौरान अलग-अलग संगठनों के प्रतिनिधि डायरेक्टर पेंशन, खजाना एवं लेखा विभाग से मुलाकात करेंगे और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपेंगे।

पेंशनरों की मुख्य मांग है कि पेंशन पोर्टल की जटिल प्रक्रिया को आसान बनाया जाए और हर महीने तय समय से पहले पेंशन जारी की जाए, ताकि बुजुर्गों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Translate »
error: Content is protected !!