बद्दी । राजवीर दीक्षित
(Raid in Baddi, Himachal; 26.4 lakh iron-vitamin tablets seized from a warehouse)बद्दी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने मोर्चा खोल दिया है। नशीले पदार्थों, नशीली दवाओं और प्रतिबंधित मेडिसिन की अवैध खरीद-फरोख्त और भंडारण पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बिल्लनवाली में एक गोदाम पर छापा मारा। यह कार्रवाई 26 अगस्त को NDPS एक्ट के तहत दर्ज मामले की जांच के दौरान सामने आए सुराग के आधार पर की गई थी। गोदाम से भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद हुईं। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को एक और गोदाम की जानकारी मिली। आरोप है कि यहां भी अवैध दवाओं का भंडारण किया जा रहा था। इसके बाद कल शाम पुलिस ने इस गोदाम पर भी दबिश दी।
राज्य में दवाओं के नियम विरुद्ध कारोबार के खिलाफ ड्रग विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। राज्य ड्रग्स कंट्रोलर डॉ. मनीष कपूर ने बताया कि ड्रग इंस्पेक्टर हरीश राणावत की टीम ने ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत दवाओं को जब्त किया। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ धारा 18(c) के तहत कानूनी मामला दर्ज किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, दवाओं की वैधता और उनके वितरण से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। विभाग का कहना है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नशीली और प्रतिबंधित दवाओं के निर्माण व अवैध भंडारण में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने पहले गोदाम की तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं और उनसे संबंधित सामग्री बरामद की। जब्त सामान में क्लोनाज़ेपम की 55,650 गोलियां, अल्प्राज़ोलम की 3,05,518 गोलियां, ट्रामाडोल-डाइसाइक्लोमाइन के 19,245 कैप्सूल और ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड की 3,100 गोलियां शामिल हैं। इसके अलावा 20.96 किलोग्राम ट्रामाडोल/क्लोनाज़ेपम/अल्प्राज़ोलम पाउडर, 22.26 किलोग्राम ट्रामाडोल पाउडर और कोडीन फॉस्फेट-ट्रिप्रोलिडाइन सिरप की 41 बोतलें भी बरामद हुईं। पुलिस को अल्प्राज़ोलम, ट्रामाडोल और क्लोनाज़ेपम की पैकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली 49.14 किलोग्राम प्रिंटेड फॉइल भी मिली।
जांच के दौरान ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के दायरे में आने वाली कई दवाएं भी बरामद की गईं। मामले में अमेठी निवासी वेयरहाउस मालिक अंकित कौशल (38) को आरोपी बनाया गया है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
बद्दी के SP विनोद धीमान ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में गैर-कानूनी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ड्रग्स तस्करी और अन्य अपराधों में संलिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के प्रति पुलिस की नीति पूरी तरह ‘जीरो टॉलरेंस’ की है।
गैर-कानूनी दवाओं की भारी बरामदगी ने नियामक एजेंसियों के सामने गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है। जांच में आरोप सामने आए हैं कि लाइसेंस वाली जगहों का इस्तेमाल व्यावसायिक लाभ के लिए नशीली दवाओं के उत्पादन में किया जा रहा था।



















