Home crime इस शहर में नकाबपोश हमलावरों का आतंक

इस शहर में नकाबपोश हमलावरों का आतंक

मोहाली । राजवीर दीक्षित

(Terror of masked attackers in this city) मोहाली के डेराबस्सी स्थित लक्ष्मी नगर कॉलोनी में मंगलवार देर शाम हथियारबंद नकाबपोश युवकों ने एक घर को निशाना बनाकर जमकर तोड़फोड़ की। गली नंबर 9 में हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। चार युवक हाथों में तलवारें, गंडासियां और डंडे लेकर पहुंचे और घर के बाहर खड़ी कार को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद हमलावरों ने घर के मुख्य दरवाजे पर भी हथियारों से हमला किया।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में चार नकाबपोश युवक हथियार लहराते हुए गली में घूमते नजर आ रहे हैं। हमलावरों ने पहले घर के बाहर खड़ी कार के शीशे तोड़े और उसके बाद मुख्य गेट को निशाना बनाया।

दरवाजा खुलते ही परिवार पर झपटे हमलावर

घर में मौजूद मनजीत कौर ने बताया कि अचानक बाहर से जोरदार आवाजें सुनाई दीं। जब उन्होंने गेट खोलकर बाहर देखा तो सामने हथियारों से लैस नकाबपोश युवक खड़े थे। गेट खुलते ही हमलावर उनकी तरफ बढ़े। परिवार ने खतरा भांपते हुए तुरंत घर के पिछले हिस्से में बने कमरे में जाकर खुद को बंद कर लिया। मनजीत कौर के मुताबिक, परिवार के सभी सदस्य काफी देर तक इसी कमरे में छिपे रहे और इसी वजह से उनकी जान बच सकी।

पुलिस ने सीसीटीवी कब्जे में लिया

वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और परिवार के बयान दर्ज किए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हमला किसी पुरानी रंजिश के चलते किया गया या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास जारी हैं और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।

Translate »
error: Content is protected !!