अंब। राजवीर दीक्षित
(A rally will be held in Amb on September 25 in opposition to the UGC’s proposed legislation) यूजीसी के प्रस्तावित कानून को लेकर स्वर्ण समाज ने विरोध का ऐलान किया है। समाज की ओर से 25 सितंबर को अंब में विरोध रैली निकाली जाएगी। रैली अंब के अंबेडकर भवन से शुरू होकर महाराणा प्रताप कॉलेज तक जाएगी। इसके बाद स्वर्ण समाज का प्रतिनिधिमंडल एसडीएम अंब को ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित कानून को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज करवाएगा।
स्वर्ण समाज के प्रतिनिधि अजय शर्मा ने कहा कि प्रस्तावित कानून को लेकर समाज में कई तरह की चिंताएं हैं। उनका कहना है कि इस तरह की व्यवस्थाओं का असर केवल सामाजिक स्तर तक सीमित नहीं रहता, बल्कि शिक्षण संस्थानों के वातावरण पर भी पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों में असुरक्षा की भावना पैदा होने की आशंका है और छात्र पहले से ही शिक्षा एवं भविष्य से जुड़ी विभिन्न चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।
अजय शर्मा ने आरोप लगाया कि राजनीतिक हितों के चलते ऐसे कानूनों को आगे बढ़ाया जा रहा है, जिनसे समाज में आपसी खींचतान और विरोध की स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने कहा कि समाज को बांटने वाली किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा और अपनी चिंताओं को प्रशासन तथा सरकार के समक्ष रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि 25 सितंबर को होने वाली रैली केवल विरोध प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसके माध्यम से प्रस्तावित कानून के संभावित प्रभावों को लेकर लोगों को जागरूक करने का प्रयास भी किया जाएगा। रैली के बाद एसडीएम के माध्यम से सरकार तक समाज की मांगें और आपत्तियां पहुंचाई जाएंगी।
अजय शर्मा ने स्वर्ण समाज के लोगों से अपील की कि वे 25 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में अंब पहुंचकर रैली में भाग लें। उन्होंने कहा कि जिस भी कानून को लेकर समाज के एक वर्ग में चिंता है, उसके प्रभावों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।
इस मौके पर मुनीश शर्मा, सुनील कुमार, सुनीश डढवाल, रमन राजन, निर्मल ठाकुर, पुनीत, सुषमा देवी, रजनी मनकोटिया, विवेक शर्मा, विशाल ठाकुर और पवन ठाकुर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



















