Home Himachal Pradesh 6 करोड़ का चिट्टा बरामद, 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार

6 करोड़ का चिट्टा बरामद, 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार

शिमला। राजवीर दीक्षित

(Drug Bust: 1.12 Kg Chitta Worth ₹6 Crore Seized) हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी का जाल लगातार फैलता जा रहा है। कभी कुछ ग्राम में पकड़े जाने वाला चिट्टा (हेरोइन) अब किलो के हिसाब से बरामद होने लगा है। राजधानी शिमला से सामने आए एक सनसनीखेज मामले ने नशा तस्करी के बढ़ते नेटवर्क की गंभीर तस्वीर पेश कर दी है। शिमला पुलिस ने हरियाणा के 22 वर्षीय युवक को 1.120 किलोग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद नशीले पदार्थ की कीमत करीब 6 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। पुलिस का दावा है कि यह वर्ष 2026 में हिमाचल प्रदेश की अब तक की सबसे बड़ी चिट्टा बरामदगी है।

जानकारी के अनुसार, शिमला पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) को गुप्त सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में चिट्टा लेकर एक तस्कर शहर में प्रवेश करने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तारा देवी स्थित आईटीबीपी कैंप के पास विशेष नाकाबंदी कर वाहनों और संदिग्ध लोगों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक पुलिस को संदिग्ध दिखाई दिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 1.120 किलोग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय कुमार (22) निवासी नारायणगढ़, जिला अंबाला (हरियाणा) के रूप में हुई है। इतनी कम उम्र में करोड़ों रुपये की नशीली खेप के साथ गिरफ्तारी ने पुलिस और जांच एजेंसियों को भी चौंका दिया है। शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि आरोपी किसी बड़े अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह से जुड़ा हो सकता है।
बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ बालूगंज थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी कर रही है, ताकि पूछताछ के दौरान यह पता लगाया जा सके कि यह खेप कहां से लाई गई, किसे पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

जांच एजेंसियां आरोपी के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), बैंक लेन-देन और सोशल मीडिया संपर्कों की भी गहन जांच कर रही हैं। पुलिस का मानना है कि इतनी बड़ी मात्रा में चिट्टा किसी एक व्यक्ति के स्तर पर नहीं लाया जा सकता, बल्कि इसके पीछे एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई से न केवल करोड़ों रुपये की नशीली खेप बाजार तक पहुंचने से रोकी गई है, बल्कि एक बड़े तस्करी नेटवर्क तक पहुंचने की उम्मीद भी मजबूत हुई है। आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा।

Translate »
error: Content is protected !!