चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Air India Flight “) लुधियाना के हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार को एयर इंडिया की दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI-484 को उड़ान भरने से ठीक पहले वापस लाया गया। फ्लाइट दोपहर करीब 2:40 बजे यात्रियों को लेकर रनवे की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान विमान के आगे की तरफ से अचानक तेज आवाज सुनाई दी। आवाज आते ही पायलट ने उड़ान रोक दी और विमान को वापस एप्रन पर खड़ा कर दिया।
घटना के बाद विमान में सवार यात्रियों के बीच भी चिंता का माहौल बन गया। यात्रियों को विमान से उतारकर बसों के जरिए टर्मिनल बिल्डिंग तक पहुंचाया गया। इसके बाद विमान की जांच की गई और जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद करीब 4 घंटे की देरी से शाम 7 बजे फ्लाइट को दिल्ली के लिए रवाना किया गया।

इस फ्लाइट में कुल 50 यात्री सवार थे। देरी की जानकारी मिलने के बाद 30 यात्रियों ने अपनी यात्रा रद्द कर घर लौटने का फैसला किया, जबकि 20 यात्री एयरपोर्ट पर इंतजार करते रहे और बाद में दिल्ली के लिए रवाना हुए।
यात्रियों के मुताबिक, कर्मचारियों की ओर से विमान में तकनीकी गड़बड़ी की बात बताई गई थी। वहीं, एयर इंडिया और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने विमान में आई तेज आवाज और तकनीकी खराबी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी देने से इनकार किया है। दिल्ली में खराब मौसम और तेज बारिश के कारण भी उड़ान संचालन प्रभावित होने की बात सामने आई।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में हलवारा से जुड़ी एयर इंडिया की उड़ानें पहले भी मौसम और तकनीकी कारणों से प्रभावित हुई हैं। ऐसे में शुक्रवार की घटना के बाद यात्रियों को काफी देर तक एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा।



















