चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Fake ASI Ban Shaadi, 2 Mahine Tak Karti Rahi Police Duty Ka Natak “) पंजाब के मोगा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के लिए एक युवती ने खुद को पंजाब पुलिस की ASI बताकर न सिर्फ परिवार को गुमराह किया, बल्कि करीब दो महीने तक पुलिस की वर्दी पहनकर ड्यूटी करने का नाटक भी करती रही।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवती की पहचान कोमलप्रीत कौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसने पुलिस की नकली वर्दी, वॉकी-टॉकी और फर्जी पुलिस आई-कार्ड का इंतजाम किया था। इसी पहचान के दम पर उसने करीब एक महीने पहले एक संपन्न परिवार में शादी भी कर ली। शादी के बाद ससुराल वालों को यकीन दिलाने के लिए वह रोजाना पुलिस की वर्दी पहनकर घर से निकलती और पूरा दिन मोगा में बिताती थी।

मामला यहीं नहीं रुका। युवती रोजाना मोगा के थाना सिटी-1 के पास स्थित सांझ केंद्र में अपना टिफिन रखती और स्टाफ को बताती कि उसकी ड्यूटी मेन चौक पर लगी है। करीब एक घंटे बाद वह वापस आती, टिफिन उठाती और वहां से चली जाती।
लगातार एक जैसी गतिविधियां देखकर पुलिस को शक हुआ। पूछताछ के दौरान युवती घबरा गई और आखिरकार फर्जी ASI बनकर घूमने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने उसके पास से पंजाब पुलिस की नकली वर्दी, दो वॉकी-टॉकी और फर्जी पुलिस आई-कार्ड बरामद किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 204, 205 और 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। अदालत में पेश करने के बाद उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी वर्दी, आई-कार्ड और वॉकी-टॉकी उसे कहां से मिले और इस पूरे फर्जीवाड़े में उसके साथ और कौन लोग शामिल हैं।



















