Home crime मंदिर के गर्भगृह से 4 दुर्लभ विग्रह गायब

मंदिर के गर्भगृह से 4 दुर्लभ विग्रह गायब

लुधियाना। राजवीर दीक्षित 

(Four rare idols missing from the temple’s sanctum sanctorum) लुधियाना के फील्डगंज स्थित कूचा नंबर 10 के प्राचीन सनातन धर्म सभा श्री कृष्ण मंदिर में चोरों ने देर रात बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बेखौफ चोर मंदिर के मुख्य दरवाजों के ताले काटकर अंदर दाखिल हुए और गर्भगृह से भगवान श्रीकृष्ण, राधा रानी, चतुर्भुज भगवान विष्णु और पीतल के लड्डू गोपाल जी के 4 पवित्र विग्रह चोरी कर फरार हो गए। इन विग्रहों पर सोने की परत चढ़ी होने की बात सामने आई है। इसके अलावा मंदिर से अन्य कीमती सामान भी चोरी हुआ है।

रात 11:30 बजे खुला चोरी का राज

चोरी का पता रात करीब 11:30 बजे उस समय चला, जब माता चिंतपूर्णी के दर्शनों के लिए जा रहे कुछ श्रद्धालुओं ने मंदिर का मुख्य गेट खुला देखा। शक होने पर उन्होंने तुरंत मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित विनीत पाठक को फोन कर सूचना दी।

पुजारी मौके पर पहुंचे तो दोनों मुख्य दरवाजों के ताले गायब मिले। अंदर जाकर देखा तो पेटियां और अलमारियां खुली पड़ी थीं। सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था और गर्भगृह से भगवान के चारों स्वरूप गायब थे।

2 महीने पहले भी चोरी, अब उठे सुरक्षा पर सवाल

मंदिर कमेटी के प्रधान चंद्र मोहन डांग के मुताबिक, करीब दो महीने पहले भी मंदिर से गोलक चोरी हुई थी। उस समय प्रबंधन की ओर से पुलिस में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।

लगातार दूसरी चोरी के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रबंधन को आशंका है कि चोरों को मंदिर के अंदर के रास्तों और गतिविधियों की जानकारी थी। ऐसे में वारदात से पहले रेकी किए जाने की संभावना भी जताई जा रही है।

पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती मूर्तियों की बरामदगी

मंदिर प्रबंधन ने इस बार पुलिस को लिखित शिकायत दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके।

मंदिर प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से चोरों को जल्द गिरफ्तार करने के साथ-साथ भगवान के पवित्र विग्रहों को सकुशल बरामद करने की मांग की है। लगातार हुई दो चोरियों के बाद अब मंदिर की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Translate »
error: Content is protected !!