मोहाली। राजवीर दीक्षित
(Horrific attack on teenage girl in Punjab: Set on fire after being doused with sanitizer; suffers 80% burns) मोहाली में एक नाबालिग किशोरी पर कथित तौर पर सैनिटाइजर छिड़ककर आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि एक युवक अपने दो साथियों के साथ घर पहुंचा और किशोरी को अकेला पाकर वारदात को अंजाम दिया। आग लगाने के बाद आरोपी कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर मौके से फरार हो गए। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने दरवाजा खुलवाकर किशोरी को बाहर निकाला।
किशोरी गंभीर रूप से झुलस गई है। परिजन उसे फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया। परिजनों के मुताबिक, किशोरी करीब 80 फीसदी झुलसी है।
पहले भी परेशान करने का आरोप
पीड़िता के पिता का आरोप है कि मुख्य आरोपी काफी समय से उनकी बेटी पर बात करने का दबाव बना रहा था। परिवार का कहना है कि आरोपी कई बार किशोरी के साथ छेड़छाड़ भी कर चुका था। करीब एक महीने पहले इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई थी। परिजनों के मुताबिक, उस समय आरोपी ने माफी मांग ली थी।
पहले कमरे में बंद करने का आरोप
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे आरोपी घर पहुंचा और किशोरी को उसके चाचा के कमरे में बंद कर दिया। चाचा ने विरोध किया तो दोनों के बीच हाथापाई हुई और किशोरी को छुड़ा लिया गया। इसके बाद किशोरी के पिता और चाचा काम के लिए घर से बाहर चले गए।
दो साथियों के साथ दोबारा पहुंचा युवक
परिजनों का आरोप है कि कुछ देर बाद मुख्य आरोपी अपने दो साथियों के साथ दोबारा घर पहुंचा। उस समय किशोरी घर में अकेली थी। आरोप है कि तीनों ने उसे घेर लिया और मुख्य आरोपी ने उस पर सैनिटाइजर छिड़ककर आग लगा दी।
चीखें सुनकर पड़ोसी पहुंचे
आग लगने के बाद किशोरी की चीखें सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। पड़ोसियों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। इसके बाद परिजन पहुंचे और दरवाजा खोलकर किशोरी को बाहर निकाला। आग में उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया था।
PGI में चल रहा इलाज
किशोरी को तत्काल सिविल अस्पताल फेज-6 ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, किशोरी का करीब 80 फीसदी शरीर झुलसा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही फेज-8बी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस अब परिजनों के आरोपों, पुरानी शिकायत और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात के पीछे की पूरी वजह और उनकी भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।



















