हमीरपुर । राजवीर दीक्षित
(Youth, get ready for Agniveer recruitment! The process begins on September 26; these documents will be required) हिमाचल प्रदेश में अग्निवीर बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अहम अपडेट है। भारतीय सेना की ओर से 26 सितंबर से 6 अक्टूबर तक हमीरपुर में भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया अणु खेल मैदान और राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में होगी। हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना जिले के पात्र अभ्यर्थी इस भर्ती रैली में भाग ले सकेंगे।युवाओं के लिए यह मौका सिर्फ भर्ती का नहीं, बल्कि सेना की वर्दी पहनने के सपने को हकीकत में बदलने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड भारतीय सेना की वेबसाइट पर जारी कर दिए गए हैं। उम्मीदवारों को ई-मेल के जरिए भी एडमिट कार्ड जारी होने की जानकारी दी गई है। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे समय रहते वेबसाइट और अपना ई-मेल चेक कर लें।
एडमिट कार्ड को लेकर जरूरी निर्देश! बारकोड स्कैनिंग में रंगीन प्रिंट जरूरी
परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थी एडमिट कार्ड को लेकर कोई लापरवाही न बरतें। केंद्र पर बारकोड स्कैनिंग की जाएगी और इसके लिए एडमिट कार्ड का साफ-सुथरा हाई क्वालिटी कलर प्रिंट जरूरी होगा। खराब या अस्पष्ट प्रिंट होने पर अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रैली में जा रहे अभ्यर्थी ध्यान दें! ये दस्तावेज साथ रखना होगा जरूरी
रैली के दौरान अभ्यर्थियों को अपने सभी जरूरी मूल प्रमाण पत्र साथ लेकर पहुंचना होगा। इसके अलावा कई दस्तावेजों की दो-दो स्वप्रमाणित प्रतियां भी जमा करनी होंगी। इनमें आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, हिमाचली बोनाफाइड, डोगरा वर्ग और जाति प्रमाण पत्र शामिल हैं।
इसके साथ स्कूल चरित्र प्रमाण पत्र, अविवाहित प्रमाण पत्र, पुलिस सत्यापन प्रमाण पत्र, बैंक खाते का विवरण, पैन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो भी जरूरी होंगे। एनसीसी, खेल या रिश्तेदारी से संबंधित प्रमाण पत्र होने पर उसका मूल प्रमाण पत्र भी साथ लाना होगा।
बोनस मार्क्स के प्रमाणपत्रों पर बड़ा अपडेट! तय तारीख पर ही होगी स्वीकार
भर्ती प्रक्रिया में बोनस अंकों से जुड़े प्रमाणपत्रों को लेकर अहम निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बोनस मार्क्स से संबंधित सभी प्रमाणपत्र केवल निर्धारित तिथि को ही स्वीकार किए जाएंगे। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए समय पर पहुंचें और भर्ती प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।



















