Home Himachal Pradesh हिमाचल में शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल! 100 सरकारी स्कूलों का हुआ...

हिमाचल में शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल! 100 सरकारी स्कूलों का हुआ डी-नोटिफिकेशन

शिमला । राजवीर दीक्षित

(Major questions raised about the education system in Himachal! 100 government schools de-notified) हिमाचल प्रदेश से शिक्षा व्यवस्था को लेकर इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। सरकार ने ज़ीरो एनरोलमेंट वाले 100 सरकारी स्कूलों को डी-नोटिफ़ाई कर दिया है। यानी इन स्कूलों में फिलहाल एक भी छात्र का नामांकन नहीं था।

डी-नोटिफ़ाई किए गए 100 स्कूलों में 77 प्राइमरी और 23 मिडिल स्कूल शामिल हैं। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में सभी संबंधित डिप्टी डायरेक्टरों को निर्देश जारी किए हैं और कहा है कि नोटिफ़िकेशन के मुताबिक जरूरी कार्रवाई पूरी की जाए।

अधिकारियों को इन स्कूलों से संबंधित सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। साथ ही स्कूलों के रिकॉर्ड, प्रशासनिक दस्तावेज और अन्य विभागीय प्रक्रियाओं को भी निर्धारित नियमों के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्रवाई पूरी होने के बाद संबंधित अधिकारियों को निदेशालय के पास अनुपालन रिपोर्ट भी जमा करनी होगी।

दरअसल, हिमाचल में ज़ीरो एनरोलमेंट वाले सरकारी स्कूलों पर सरकार की कार्रवाई लगातार जारी है। हालिया आदेशों के साथ पिछले कुछ वर्षों में करीब 900 ऐसे सरकारी स्कूल डी-नोटिफ़ाई किए जा चुके हैं।

यानी आंकड़े साफ संकेत दे रहे हैं कि सरकारी स्कूलों में छात्र नामांकन का गिरता स्तर अब सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती बन चुका है। 100 और स्कूलों को डी-नोटिफ़ाई किए जाने के बाद एक बार फिर यह सवाल सामने है कि आखिर इन स्कूलों में छात्र संख्या शून्य तक पहुंचने की वजह क्या है और सरकारी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आगे क्या कदम उठाए जाएंगे?

Translate »
error: Content is protected !!