Home Himachal Pradesh ऊना में ‘एंटी चिट्टा’ वाकाथान, घर से निकलने से पहले जान लें...

ऊना में ‘एंटी चिट्टा’ वाकाथान, घर से निकलने से पहले जान लें ट्रैफिक प्लान

ऊना । राजवीर दीक्षित

(‘Anti-Chitta’ Walkathon in Una: Check the traffic plan before leaving home) हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ सरकार का जन-जागरूकता अभियान लगातार तेज हो रहा है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत 16 सितंबर को ऊना में ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’ का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त जतिन लाल ने सोमवार को पत्रकार वार्ता के दौरान कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय राणा भी मौजूद रहे।
नशे के खिलाफ जंग में मुख्यमंत्री सुक्खू युवाओं के साथ सड़क पर उतरेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री युवाओं से संवाद करने के साथ वॉकाथॉन में भी शामिल होंगे। इस दौरान नशे के दुष्प्रभावों से बचने और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया जाएगा। प्रतिभागियों को नशे के विरुद्ध आवाज उठाने और पर्यावरण की रक्षा करने की शपथ भी दिलाई जाएगी।वॉकाथॉन के जरिए समाज को नशे के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया जाएगा।

ऊना में वाकथान को लेकर तैयारियां तेज, CM सुक्खू करेंगे शुभारंभ

ऊना में 16 सितंबर की सुबह जोश, संगीत और जागरूकता का संगम देखने को मिलेगा। इंदिरा गांधी खेल मैदान में सुबह 8 बजे कार्यक्रम का आगाज पुलिस बैंड ‘हार्मनी ऑफ दी पाइन्स’ की प्रस्तुति से होगा। इसके बाद करीब दो घंटे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री हरी झंडी दिखाकर वाकथान को रवाना करेंगे। प्रतिभागी खेल मैदान से आईएसबीटी ऊना तक जाएंगे और फिर वापस खेल मैदान पहुंचकर वाकथान का समापन होगा।

नशे के खिलाफ एकजुट होगा ऊना, वॉकाथॉन में ज्यादा से ज्यादा लोगों से जुड़ने की अपील

उपायुक्त ने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए समाज के हर वर्ग का आगे आना जरूरी है। उन्होंने जिलावासियों से 16 सितंबर को ऊना में होने वाली वॉकाथॉन में शामिल होकर इस मुहिम को मजबूती देने की अपील की। खासकर युवाओं से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही नशे की समस्या पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।

ऊना में 16 सितंबर को ट्रैफिक अलर्ट! वॉकाथॉन के चलते बदले रहेंगे यातायात के इंतजाम

वॉकाथॉन के चलते 16 सितंबर को ऊना शहर में यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। सुबह 8 बजे से पुलिस विशेष ट्रैफिक प्लान के तहत व्यवस्था संभालेगी। विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों की सुरक्षित आवाजाही पूरी होने तक विशेष इंतजाम जारी रहेंगे। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाएं और जाम या असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।

ऊना में ट्रैफिक डायवर्जन को देखते हुए अलग-अलग रूटों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। हमीरपुर से चंडीगढ़ वाया ऊना जाने वाले वाहन भोटा-घुमारवीं-कीरतपुर फोरलेन का इस्तेमाल कर सकेंगे।

बंगाणा से चंडीगढ़ जाने वाले वाहनों के लिए थानाकलां-बीहड़ू-पीरनिगाह-बसोली-चताड़ा-रायपुर मैदान-भाखड़ा-नंगल रोड निर्धारित किया गया है।

चंडीगढ़ से बंगाणा अथवा हमीरपुर आने वाले वाहन बहडाला/बीहड़ू मार्ग से थानाकलां की ओर जा सकेंगे।

हमीरपुर-अम्ब के बीच आवाजाही के लिए बडूही-जोल-खुरवाई मार्ग का इस्तेमाल करना होगा।

कांगड़ा से चंडीगढ़ जाने वाले वाहन झलेड़ा-घालूवाल-हरोली-टाहलीवाल-संतोषगढ़-अजौली मोड़ होकर जा सकेंगे। यही मार्ग चंडीगढ़ से कांगड़ा और अम्ब आने वाले वाहनों के लिए भी उपलब्ध रहेगा।

बद्दी से ऊना आने वाले वाहन मैहतपुर-बहडाला-जनकौर-रामपुर मार्ग से जाएंगे, जबकि ऊना से बद्दी जाने वाले वाहन रामपुर-जनकौर-नंगड़ा-संतोषगढ़-अजौली मोड़ मार्ग अपनाएंगे।

16 सितंबर को ऊना में सामान्य बस सेवाओं के लिए चार अस्थायी बस स्टैंड निर्धारित किए गए हैं। अलग-अलग दिशाओं से ऊना पहुंचने वाली बसों को इन निर्धारित स्थानों पर रोका जाएगा। मैहतपुर की ओर से आने वाली बसों के लिए बहडाला, हरोली की दिशा से आने वालों के लिए रामपुर हरोली पुल के समीप, अम्ब की ओर से आने वाली बसों के लिए झलेड़ा और बंगाणा की ओर से आने वाली बसों के लिए ओल्ड बस स्टैंड पर स्टॉपेज तय किया गया है।इन अस्थायी बस स्टैंड से ऊना मुख्यालय तक पहुंचने के लिए एचआरटीसी की शटल बस सेवा उपलब्ध रहेगी। इससे यात्रियों और कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को मुख्यालय तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।वहीं, छोटे वाहनों से आने वाले प्रतिभागियों के लिए पुराना बस अड्डा ऊना, गलुआ मार्ग और मैदान क्षेत्र में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

CM सुक्खू के कार्यक्रम को लेकर ऊना में ट्रैफिक अलर्ट, कई मार्गों पर रहेगी विशेष व्यवस्था

ऊना में एंटी चिट्टा एवं पर्यावरण संरक्षण जागरूकता वॉकाथॉन को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। डीसी चौक ऊना से रक्कड़ तक का मार्ग सुबह 8 बजे से सभी विद्यार्थियों और प्रतिभागियों के सुरक्षित रूप से रवाना होने तक नो-ट्रैफिक जोन रहेगा। वहीं रामपुर-डीसी चौक-झलेड़ा मार्ग पर वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी और इस दौरान वाहनों को केवल झलेड़ा की ओर जाने की अनुमति होगी।

Translate »
error: Content is protected !!