मंडी । राजवीर दीक्षित
(Himachal emerges as a new hub for cancer treatment! CM Sukhu gifts the hospital a package worth crores) हिमाचल में कैंसर मरीजों के लिए अब बड़ी राहत की खबर सामने आई है। जिस इलाज के लिए मरीजों और उनके परिजनों को अब तक शिमला के आईजीएमसी या चंडीगढ़ के पीजीआई तक लंबा सफर तय करना पड़ता था, वही अत्याधुनिक सुविधा अब मंडी के नेरचौक में उपलब्ध होगी।
लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नेरचौक में करीब 60 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक कैंसर केयर सेंटर तैयार किया गया है। यहां रेडिएशन थेरेपी से लेकर एडवांस स्कैनिंग और गंभीर कैंसर उपचार की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सेंटर में लीनियर एक्सीलेटर, सीटी सिमुलेटर और 3टी एमआरआई मशीनें स्थापित की गई हैं।
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को इस अत्याधुनिक केंद्र का उद्घाटन किया। इतना ही नहीं, कैंसर मरीजों के लिए एक और बड़ी सुविधा की नींव रखी गई है। करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से पैट-सीटी केंद्र के भवन का शिलान्यास भी किया गया है।
यह भवन भंगरोटू मैदान में करीब पांच बीघा जमीन पर बनाया जाएगा। इसके शुरू होने के बाद मंडी, कुल्लू, बिलासपुर और लाहुल-स्पीति समेत मध्य हिमाचल के हजारों मरीजों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों की ओर भागने की जरूरत काफी हद तक कम हो सकेगी। यानी अब कैंसर के इलाज के लिए लंबी दूरी नहीं, बल्कि अपने ही क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधा मरीजों के और करीब होगी।
कैंसर इलाज में नई ताकत! अत्याधुनिक मशीनों से अब होगी ज्यादा सटीक जांच और थेरेपी
कैंसर मरीजों के इलाज को बेहतर बनाने की दिशा में अस्पताल में अत्याधुनिक मशीनरी स्थापित की गई है। यहां लगी 3टी एमआरआई मशीन पारंपरिक 1.5टी एमआरआई के मुकाबले दोगुनी शक्तिशाली है। यह शरीर के अंदर मौजूद अंगों और ऊतकों की बेहद स्पष्ट और उच्च गुणवत्ता वाली 3डी तस्वीरें तैयार करती है, जिससे बीमारी की पहचान और जांच में ज्यादा सटीकता मिल सकती है।
वहीं कैंसर अस्पताल में स्थापित लीनियर एक्सीलेटर भी इलाज की तकनीक को एक नई दिशा देगा। यह मशीन हाई-एनर्जी एक्स-रे बीम के जरिए कैंसर कोशिकाओं को सटीक निशाना बनाकर नष्ट करने में मदद करती है, जबकि आसपास के स्वस्थ ऊतकों को यथासंभव सुरक्षित रखने पर फोकस करती है।
सबसे खास बात यह है कि इस तकनीक के जरिए IMRT जैसी आधुनिक रेडियोथेरेपी संभव होगी। यानी कैंसर के इलाज में अब ज्यादा सटीकता, बेहतर प्लानिंग और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
कंसा मैदान में दिखा सियासी जोश, रथ पर सवार होकर पहुंचे CM सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कंसा मैदान पहुंचने पर माहौल पूरी तरह उत्साह से भर गया। इससे पहले उन्होंने कंसा चौक में 18 विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। खास बात रही कि सीएम सुक्खू डडौर चौक से कंसा मैदान तक रथ पर सवार होकर पहुंचे, जहां उनके स्वागत में कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।



















