लुधियाना। राजवीर दीक्षित।
(Factory owner murdered in Punjab: Dispute with friend during liquor party) लुधियाना के हैबोवाल इलाके में कपड़ों पर प्रिंटिंग का काम करने वाले 40 वर्षीय फैक्ट्री मालिक की तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई। वारदात का आरोप मृतक के दोस्त पर लगा है, जो घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का मोबाइल भी वारदात के बाद से स्विच ऑफ आ रहा है।
मृतक की पहचान जतिंदर राजपूत के रूप में हुई है। उसकी हरगोबिंद नगर में फैक्ट्री है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
शराब पार्टी के दौरान बिगड़ी बात
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात जतिंदर अपनी फैक्ट्री में दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका एक दोस्त के साथ विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और आरोपी ने कथित तौर पर तेजधार हथियार से जतिंदर की गर्दन पर वार कर दिया।
हमले में जतिंदर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
सुबह भाई ने देखा खून से लथपथ शव
हैबोवाल थाना पुलिस के SHO जसवीर सिंह के मुताबिक, पुलिस को सुबह करीब साढ़े 9 बजे हत्या की सूचना मिली। मृतक का भाई जब फैक्ट्री पहुंचा तो पहली मंजिल पर जतिंदर का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी।
फोरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
हत्या की असली वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब पार्टी के दौरान दोनों के बीच ऐसा क्या विवाद हुआ, जिसने खूनी वारदात का रूप ले लिया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना की पूरी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।



















