Home Himachal Pradesh DPC के बाद भी नहीं आई प्रमोशन लिस्ट! हिमाचल में शिक्षक बिना...

DPC के बाद भी नहीं आई प्रमोशन लिस्ट! हिमाचल में शिक्षक बिना पदोन्नति हो रहे रिटायर

शिमला । राजवीर दीक्षित

(Even after the DPC, the promotion list hasn’t been released! Teachers in Himachal are retiring without promotion) हिमाचल प्रदेश में वर्षों की सेवा के बाद पदोन्नति का इंतजार करते-करते शिक्षक सेवानिवृत्त हो रहे हैं, लेकिन शिक्षा विभाग में लंबित पदोन्नति की फाइलें आगे नहीं बढ़ रही हैं। हिमाचल में 1349 टीजीटी की पदोन्नति अटकी हुई है। इनमें 624 टीजीटी व प्रमोटी प्रवक्ता पिछले चार माह से हेडमास्टर पदोन्नति सूची की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

वहीं, टीजीटी से प्रवक्ता पद के लिए 749 शिक्षकों की डीपीसी सितंबर 2025 में हो चुकी है, लेकिन करीब एक साल बाद भी पदोन्नति सूची जारी नहीं हुई। कई पात्र शिक्षक बिना पदोन्नति के ही सेवानिवृत्त हो चुके हैं।

624 हाई स्कूलों में हेडमास्टर के पद खाली, फिर भी पदोन्नति सूची का इंतजार क्यों?

राजकीय टीजीटी कला संघ ने सरकार से लंबित पदोन्नति सूचियां तुरंत जारी करने की मांग की है। संघ का कहना है कि टीजीटी शिक्षकों को हेडमास्टर पद पर पदोन्नत कर करीब 600 रिक्तियां भरी जा सकती हैं। पदोन्नति प्रक्रिया में देरी का असर स्कूलों की व्यवस्था पर पड़ रहा है और पात्र शिक्षक अपने हक के लाभ से वंचित हो रहे हैं।

पदोन्नति सूची जारी हुई तो बदलेंगे समीकरण, 550 शिक्षकों पर भी हट सकता है संकट

संघ ने दावा किया है कि 749 शिक्षकों की प्रवक्ता पदोन्नति सूची जारी होने से विभाग में शिक्षकों के पद और समायोजन से जुड़े कई मामले सुलझ सकते हैं। डीम्ड नियमित शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ मिलने की उम्मीद है। वहीं, करीब 550 शिक्षकों पर मंडरा रहा पदावनति का खतरा भी खत्म हो सकता है। इससे सीबीएसई कैडर के शिक्षकों को समायोजित करने में भी विभाग को आसानी हो सकती है।

रिक्तियों के बावजूद पदोन्नति की कतार लंबी

हेडमास्टर पदोन्नति से टीजीटी कैडर में नए पद खाली होने की उम्मीद है। इन पदों पर स्थानांतरण और प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है। शिक्षक संघ का कहना है कि विभाग में बड़ी संख्या में पद खाली होने के बावजूद प्रमोशन के लिए शिक्षकों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है। इससे व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

तीन साल से प्रमोशन का इंतजार, JBT-C&V शिक्षकों में बढ़ी नाराजगी

JBT और C&V शिक्षक करीब तीन वर्षों से पदोन्नति की राह देख रहे हैं। फरवरी 2026 में पदोन्नति पैनल जारी होने के बावजूद अब तक प्रमोशन लिस्ट जारी नहीं की गई है। लगातार देरी से शिक्षकों में निराशा बढ़ती जा रही है। संघ ने सरकार से लंबित प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की है, ताकि योग्य शिक्षकों को समय पर उनका हक मिल सके। संघ का कहना है कि देरी का असर उन शिक्षकों पर भी पड़ रहा है, जो सेवानिवृत्ति के करीब पहुंच चुके हैं।

Translate »
error: Content is protected !!