सोनीपत। राजवीर दीक्षित
(Friend murdered during a liquor party in Haryana!) हरियाणा के सोनीपत में शराब पार्टी के दौरान मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। टोंट कसने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि उसके ही दोस्त ने घर में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठाकर उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
जानकारी के अनुसार, तीन युवक एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच टोंट कसने पर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक घर के अंदर से सब्जी काटने वाला चाकू उठा लाया और दूसरे युवक पर कई वार कर दिए।
हमले में युवक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। वारदात के बाद दोनों दोस्त उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश और हत्या के पीछे की वजहों की जांच में जुटी है।













