द टारगेट न्यूज़:
कनाडा के ओन्टारियो के बैरी शहर में सार्वजनिक बसों में दो यात्रियों के साथ मारपीट करने और एक सिख युवक को निशाना बनाने के मामले में तीन किशोरों पर घृणा अपराध से जुड़े आरोप तय किए गए हैं। यह पूरी घटना 8 नवंबर को एक घंटे के भीतर दो अलग-अलग बसों में घटी। बैरी पुलिस के अनुसार, आरोपियों की उम्र 16, 18 और 19 वर्ष है। पहली घटना शाम करीब 7:15 बजे ऐसा रोड के पास एक बस में हुई, जहां तीनों ने 26 वर्षीय एक यात्री को परेशान किया। उन्होंने उस पर फब्तियां कसीं, धक्का दिया और थप्पड़ मारा। जब पीड़ित ने चालक से मदद मांगी, तो आरोपियों ने उसे बस से नीचे धक्का दे दिया और वहां से फरार हो गए। इसके करीब एक घंटे बाद, रात 8:30 बजे, इसी समूह ने योंग स्ट्रीट पर एक अन्य बस में 22 वर्षीय एक सिख यात्री को निशाना बनाया। आरोप है कि किशोरों में से एक ने उसकी पवित्र पगड़ी उतार दी और उस पर बियर उड़ेल दी। जब पीड़ित ने पुलिस को फोन करने की कोशिश की, तो एक आरोपी ने उसका फोन जमीन पर पटक दिया। जब उसने बस चालक से मदद मांगी, तो दो किशोरों ने उसे पकड़ लिया जबकि तीसरे ने उसके चेहरे और शरीर पर मुक्के बरसाए। इसके बाद तीनों आरोपी एक टैक्सी में बैठकर फरार हो गए। पुलिस ने महज आधे घंटे के भीतर ही टैक्सी का पता लगा लिया और तीनों किशोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है कि इन पर घृणा से प्रेरित अपराध के आरोप लगाए गए हैं, हालांकि सुरक्षा कारणों से आरोपियों और पीड़ितों की पहचान उजागर नहीं की गई है। गनीमत यह रही कि दोनों यात्रियों को गंभीर चोटें नहीं आईं। हिंदू सिख यूनिटी फोरम कनाडा ने 22 वर्षीय पीड़ित की पहचान एक सिख के रूप में की है। ओन्टारियो के नागरिकता और बहुसांस्कृतिक मंत्री ग्राहम मैक्रेगर ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे धार्मिक स्वतंत्रता पर हमला करार दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि पगड़ी आस्था का एक पवित्र प्रतीक है और इसे निशाना बनाना किसी की गरिमा व धार्मिक स्वतंत्रता पर सीधा प्रहार है। इसके साथ ही उन्होंने त्वरित कार्रवाई के लिए बैरी पुलिस का आभार भी व्यक्त किया। वर्ल्ड सिख ऑर्गनाइजेशन ने भी इन हमलों की निंदा की और चेतावनी दी कि इस तरह की घटनाओं को अलग-थलग मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। संगठन ने कहा कि सिखों को लगातार निशाना बनाए जाने की प्रवृत्ति पर गंभीर ध्यान देने, जवाबदेही तय करने और ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है ताकि कनाडाई सिख सुरक्षित जीवन जी सकें। जानकारी के अनुसार, ओन्टारियो स्थित बैरी में हुई इस घटना में शामिल दो वयस्क आरोपियों को अधिकतम 10 साल तक की जेल की सजा हो सकती है, जबकि 16 वर्षीय किशोर को बाल सुधार गृह में तीन साल तक की सजा का सामना करना पड़ सकता है। ज्ञात हो कि कनाडा की 2021 की जनगणना के अनुसार देश में 7,71,790 सिख रहते हैं, जो कुल आबादी का लगभग 2.1 प्रतिशत हिस्सा हैं। ओन्टारियो में 300,000 से अधिक सिख निवास करते हैं और भारत के बाद दुनिया में सबसे बड़ी सिख आबादी कनाडा में ही है।













