चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“I have already left the world behind, now I have no fear of death…!” Diljit became emotional during a live concert”) पंजाबी सुपरस्टार Diljit Dosanjh इन दिनों अपने ‘Aura World Tour 2026’ के तहत कनाडा में परफॉर्म कर रहे हैं, लेकिन हाल ही में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने फैंस को भावुक और चिंतित दोनों कर दिया है। यह वीडियो कनाडा के कैलगरी शहर में हुए उनके लाइव कॉन्सर्ट का बताया जा रहा है, जहां 30 अप्रैल को उन्होंने Scotiabank Saddledome में परफॉर्म किया।
कॉन्सर्ट के दौरान अचानक दिलजीत ने गाना रोक दिया और स्टेज से ऐसी बातें कह दीं, जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने पंजाबी में कहा कि “मैं पहले ही इस दुनिया को छोड़ चुका हूं, मुझे अब मौत का कोई डर नहीं है।” उन्होंने आगे बताया कि पिछले साल दिसंबर में वह अपने शरीर से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन अब उन्हें इस दुनिया में कुछ जरूरी काम पूरे करने हैं।
उनकी इन बातों ने फैंस के बीच कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है। कुछ लोग इसे आध्यात्मिक सोच मान रहे हैं, तो कुछ इसे उनकी भावनात्मक स्थिति से जोड़कर देख रहे हैं। दिलजीत ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि उनके दिल में किसी के लिए कोई दुश्मनी नहीं है और वह सिर्फ प्यार, सम्मान और माफी के रास्ते पर चलना चाहते हैं।
उन्होंने पंजाब के प्रति अपने गहरे जुड़ाव को भी जाहिर करते हुए कहा कि “मैं ही पंजाब हूं” और जो लोग उनके साथ खड़े हैं, वही असली पंजाब की पहचान हैं। इस बयान ने उनके फैंस के दिल को छू लिया।
सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। हालांकि, दिलजीत के इन शब्दों को कई लोग एक गहरी आध्यात्मिक भावना और जीवन के प्रति उनके नजरिए के रूप में भी देख रहे हैं।



















